खाल दरिया पर घाट न होने के चलते लोग गहरे पानी में नहाने को मजबूर हैं। गुलपुर चक्की खाल के पास खनन के कारण 25 से 30 फुट गहरा हो गया है। इस कारण लोगों को रस्में पूरी करने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जोगिद्र सिंह, निक्कू ठाकुर, कैप्टन पुरुषोत्तम लाल, वरियाम तलोत्रा, दयाल सिंह, कुलदीप काटल, सोमनाथ, राज सिंह, रविद्र महाजन, विजय कुमार, नत्था राम, रमन शर्मा, बलविद्र सिंह, लाभ सिंह ने कहा कि गुलपुर चक्की खाल दरिया घरोटा कलां व घरोटा खुर्द को दो भागों में वितरित करता है। 10 हजार के करीब जनसंख्या वाले कस्बा घरोटा कलां के लोग सुख दुख में अपनी रस्में निभाने को इस दरिया पर निर्भर है। श्मशानघाट इत्यादि में भी ट्यूबवेल न होने से लोग मजबूरी मे दरिया की ओर रूख करते हैं। किसी समय यह दरिया लोगों के लिए वरदान होता था, लोग आसानी से इसे आर पार कर लेते थे। लेकिन कुछ वर्षो के दौरान हुई माइनिंग के चलते दरिया अपना मूल रूप छोड़ गया। इससे पुल के पिलर भी बाहर आ गए है। अब लोगों को 30 फुट गहरे दरिया में उतरने को विवश होना पड़ रहा है। इस संबंधी कई बार उच्च अधिकारियों से गुहार लगा चुके है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि जल्द पक्के घाट का निर्माण व भूमि कटाव की समस्या का समाधान किया जाए।