शुक्रवारको पठानकोट की सीमा के साथ लगते भदरोआ में चक्की दरिया के किनारे चल रहे चिट्टे के अड्डों पर पुलिस और प्रशासन ने जेसीबी चलवा दी। हिमाचल प्रशासन का कहना है कि पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा करके गैर कानूनी धंधा किया जा रहा था। उन्हें हाइकोर्ट का नोटिस भी भेजा गया था। हालांकि इस कार्रवाई का विरोध नहीं हुआ, लेकिन हड़कंप मचा रहा। दिनभर चली कार्रवाई में अवैध रूप से बने 22 मकानों को गिरा दिया गया। वहीं, इस कार्रवाई में चिट्टे के अड्डे गिराए जाने का क्रेडिट पठानकोट पुलिस खुद को देने में लगी है।
सुबह 10 बजे चक्की दरिया के किनारे बने मकानों को गिराने के लिए एसडीएम नूरपुर राकेश प्रजापति और डीएसपी नूरपुर महिंद्र मन्हास फोर्स लेकर पहुंचे। पहले अवैध रूप से बनाए मकानों की पुलिस ने तलाशी ली। वहां पर कोई नशीली चीज मिलने के बाद मकान में रहने वाले लोगों को सामान के साथ बाहर कर दिया गया। बाद में मकानों पर जेसीबी चला दी गई।
मकान गिराने की कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों के वकील दर्शन सिंह ने लोगों की बात एसडीएम के सामने रखी लेकिन वह कोई रजिस्ट्री और दस्तावेज नहीं दिखा सके। दिनभर चली कार्रवाई में चक्की दरिया के किनारे 12 पक्के और 10 कच्चे मकानों को गिराया गया। पंचायत के पूर्व प्रधान तिलक राज ने बताया कि उन्होंने हाइकोर्ट में अवैध मकानों की शिकायत की थी। जांच के बाद सारी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि चक्की किनारे अवैध रूप से पंचायत की जमीन पर कब्जा करके किसी को अवैध धंधा नहीं करने दिया जाएगा।
^चक्की दरिया के किनारे काफी दिनों से नशे का धंधा चल रहा था। इस बारे पंजाब के डीजीपी को बताया गया था। इसके बाद उन्होंने हिमाचल के डीजीपी को कार्रवाई के लिए सिफारिश की गई थी। इसके चलते हिमाचल प्रशासन ने कार्रवाई की। यहां के लोगों को डर से मुक्ति मिलेगी। -राकेशकौशल, एसएसपी पठानकोट
^जब हम दिन में छापेमारी करते थे तो लोग इसकी सूचना पाकर मकान खाली कर जाते थे। उसके बाद रात को वह दोबारा मकान में जाते थे। उनके खिलाफ पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर 70 पर्चे भी दर्ज किए जा चुके हैं। -महिंद्रमन्हास, डीएसपी नूरपुर
^लोगों ने पंचायत की जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था। यहां पर गैरकानूनी धंधा किया जाता था। लोगों को डेढ़ महीने पहले जगह खाली करने का नोटिस दिया गया था लेकिन उन्होंने जमीन नहीं खाली की। इसलिए जेसीबी की कार्रवाई करनी पड़ी। -राकेशप्रजापति, एसडीएम नूरपुर
चक्की दरिया के किनारे अवैध रूप से बने मकानों को गिरातीं जेसीबी।
SOURCE: goo.gl/2MfQW1