पठानकोट के नया चक्की पुल स्थित डेरा स्वामी जगत गिरि आश्रम में स्वामी जगत गिरि ट्रस्ट एवं महिला मंडल संगठन की ओर से गुरु पूजन का पावन उत्सव मनाया गया।
जिसमें भारी संख्या में पंजाब, हिमाचल-प्रदेश व जम्मू-कश्मीर से श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सर्वप्रथम उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन की रस्म अदा की। श्री-श्री 108 स्वामी गुरदीप गिरि महाराज जी ने गुरु पूर्णिमा पर्व तथा गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जीवन जीने का मार्ग सिखाते हैं।
उन्होंने माता पिता को प्रथम तथा द्वितीय गुरू बताते हुए उनका सम्मान करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक गुरू ही शिष्य को सही रास्ता दिखा सकता है। इस दौरान डेरा स्वामी जगत गिरि ट्रस्ट की ओर से प्रतिभाशाली बच्चों को पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया गया। जिन्होंने 10वीं बोर्ड की परीक्षा में 90 प्रतिशत और 12वीं बोर्ड की परीक्षा में 80 प्रतिशत अंक लिए हैं।
इस दौरान स्वामी जी ने बच्चों को डॉ. भीम राव अम्बेडकर जी के उपदेशों का पालन करते हुए बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्या ही हमें अज्ञानता के अंधकार से दूर कर सकती है। अंत में श्रद्धालुओं को गुरू का लंगर भी वितरित किया गया।
इस अवसर पर प्रधान अनिल कुमार, सोमा अत्रि, विजय कुमार, लाल चंद, गुलजारी लाल, मदन जालंधरी, केवल कृष्ण, रानी देवी, परस राम, गोपाल अत्रि, अशोक कुमार आदि उपस्थित थे।